उत्तराखंड नैनीताल में हुआ बड़ा अग्निकांड मां नयना देवी मंदिर के पास स्थित न्यू पालिका मार्केट में धधकी आग, तमंग मोमोज रेस्टोरेंट जलकर खाक,,,

नैनीताल। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में शुक्रवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। मां नयना देवी मंदिर के समीप स्थित न्यू पालिका मार्केट में मशहूर तमंग मोमोज रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच तमंग मोमोज की दुकान में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त दुकान के अंदर स्टाफ मौजूद था। धुआं और भयंकर आग की लपटें देखकर कर्मचारियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और दुकान स्वामी सुंदर के साथ-साथ फायर सर्विस को तुरंत सूचना दी।
🔴 तेज बारिश के बीच दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम प्रतिकूल मौसम और तेज बारिश के बावजूद तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की तीन बड़ी गाड़ियों ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
🔴 सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और अधिक भड़क उठी। इसकी वजह से बगल में स्थित राजेश्वरी फूड्स रेस्टोरेंट का एक हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। हालांकि, समय रहते दमकल कर्मियों ने आग को और अधिक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
🔴 गेमिंग ज़ोन में भी लगी आग
इसी दिन तड़के सुबह करीब 3:36 बजे बाजार स्थित ‘गेमिंग ज़ोन’ नामक बच्चों के मनोरंजन केंद्र में भी आग लगने की एक अन्य सूचना मिली। दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस आग पर भी समय रहते काबू पा लिया, जिससे वहां भी बड़ा नुकसान होने से बच गया।
🔴 भारी आर्थिक नुकसान और जांच शुरू
इस भीषण अग्निकांड में तमंग मोमोज रेस्टोरेंट को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं। प्रारंभिक आशंका गैस सिलेंडर लीकेज या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
