उत्तराखंड के भगवानपुर चुड़ियाला में ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, सीएम धामी ने सिर पर कलश रखकर किया यात्रा का शुभारंभ,,,,

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर हरिद्वार जनपद के भगवानपुर स्थित चुड़ियाला में भव्य कलश बंधन महारैली के साथ ‘समरसता संकल्प अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध संत रविदास मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के उपरांत कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने सिर पर कलश रखकर इस ऐतिहासिक यात्रा में सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश को शुभता, समृद्धि और नए संकल्पों का प्रतीक माना गया है। संत रविदास जी का संपूर्ण जीवन समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि किसी भी व्यक्ति की महानता उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों और मानव कल्याण के लिए किए गए कार्यों से तय होती है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र पर पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। इसके तहत उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेद-भाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भी विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों, झील सौंदर्यीकरण, आधुनिक विद्यालय के निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना, नवीन तहसील भवन के निर्माण तथा सड़कों और हाईमास्ट लाइटों से जुड़ी अनेक विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें क्षेत्र के चहुंमुखी विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कलश यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की पावन भूमि से आरंभ हुआ यह समरसता संकल्प अभियान राज्य में सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश प्रदान किए, जिन्हें पूरे उत्तराखंड में इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस गरिमामयी आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य संत-महात्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
