दिल्ली से ऋषिकेश सिर्फ 3 घंटे में, मेरठ-ऋषिकेश ‘नमो भारत’ रैपिड रेल कॉरिडोर का सर्वे जल्द, यूपी सरकार ने दी लिखित मंजूरी,,,

देहरादून/मेरठ: उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को एक नई और ऐतिहासिक दिशा मिलने जा रही है। दिल्ली-मेरठ के बीच दौड़ रही हाईस्पीड ‘नमो भारत’ (RRTS) ट्रेन का विस्तार अब देवभूमि ऋषिकेश तक करने की तैयारी तेज हो गई है। मेरठ से ऋषिकेश तक बनने वाले इस 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए धरातल पर सर्वे का काम जल्द शुरू हो सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसके लिए एनसीआरटीसी (NCRTC) को लिखित सहमति दे दी है, जबकि उत्तराखंड सरकार की ओर से भी जल्द ही लिखित मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इस कॉरिडोर के निर्माण से दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर महज ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा, जिसमें वर्तमान में सड़क मार्ग से लगभग 6 घंटे का समय लगता है।
🟢 यूपी में 72 और उत्तराखंड में होगा 78 किमी का ट्रैक
एनसीआरटीसी के अधिकारियों के अनुसार, यह नया कॉरिडोर मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होगा और मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह रुड़की, हरिद्वार (हर की पैड़ी) से गुजरते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। इस पूरे ट्रैक का तकरीबन 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में और 78 किलोमीटर का हिस्सा उत्तराखंड राज्य के अंतर्गत आएगा।
🟢 डीपीआर (DPR) की प्रक्रिया अंतिम चरण में
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जानी है। इसके लिए 7.02 करोड़ रुपये के परामर्श शुल्क को आकस्मिकता निधि से मंजूरी देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस वित्तीय मंजूरी के मिलते ही तत्काल प्रभाव से जमीनी सर्वे का काम शुरू कर दिया जाएगा।
🟢 160 किमी/घंटे की रफ्तार से तय होगा सफर
परियोजना की मुख्य विशेषताएं:
- कुल दूरी: दिल्ली (सराय काले खां) से ऋषिकेश (लक्ष्मणझूला) तक कुल दूरी लगभग 230 किलोमीटर होगी।
- रफ्तार: नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।
- समय की बचत: 230 किलोमीटर का यह सफर सिर्फ 3 घंटे में पूरा होगा, जिससे यात्रियों का आधा समय बचेगा।
🟢 तीर्थयात्रियों और पर्यटन को मिलेगा जबरदस्त बढ़ावा
इस हाईस्पीड कॉरिडोर के बनने से हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को एक तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव और जाम की स्थिति भी कम होगी।
गौरतलब है कि दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का सफल संचालन पहले ही शुरू हो चुका है। इस कॉरिडोर को ऋषिकेश तक विस्तार देने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था, जिस पर अब तेजी से अमल शुरू हो गया है।
