“उत्तराखंड में SIR अपडेट” 14 जुलाई के बाद 12,544 बूथों के लिए होगा ड्राफ्ट का पब्लिकेशन,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद प्रदेश में 811 नए बूथ जुड़ जाएंगे। ऐसे में एसआइआर के बाद जो मतदाता सूची का प्रकाशन होगा वह 12544 बूथों के लिए होगा।
वहीं, प्रदेश में एसआइआर का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 98 प्रतिशत मतदाताओं तक जनगणना फार्म पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं, अब तक 12 प्रतिशत फार्म का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
सचिवालय स्थिति मीडिया सेंटर में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सात जुलाई तक गणना फार्मों का वितरण और संकलन पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद एक सप्ताह में में बूथों का पुनर्गठन किया जाएगा। इन बूथों के पुनगर्ठन को भारत निर्वाचन आयोग पहले ही स्वीकृति दे चुका हैं। 1200 से अधिक मतदाता वाले बूथों को दो बूथों में बांटा गया है।
उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा।अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चंपावत, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल में 99 प्रतिशत से अधिक गणना फार्मों का वितरण हो चुका है।
वहीं देहरादून में करीब 95 प्रतिशत, नैनीताल में 96 प्रतिशत तथा टिहरी में 97 प्रतिशत फार्म वितरित किए जा चुके हैं।
🟢 राजनीति दलों के साथ हुई अहम बैठक
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों ने 22,900 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर दिए हैं।
इस संबंध में गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक भी आयोजित की जाएगी।
