उत्तराखंड में अवैध खनन पर भड़के जिलाधिकारी, लक्सर के रामपुर रायहधारी में बड़ी कार्रवाई, सभी रिटेल भंडारण सीज और ई-खन्ना पोर्टल सस्पेंड,,,,
हरिद्वार। जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए खनन विभाग की टीम ने लक्सर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामपुर रायहधारी में चल रहे अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस औचक निरीक्षण के बाद क्षेत्र के सभी रिटेल भंडारणों को सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर रायहधारी क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मौखिक शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तुरंत कड़े कदम उठाने के निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में जिला खनन अधिकारी काजिम रजा के नेतृत्व में एक विशेष विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन निरीक्षण किया।

🔴 अनियमितताएं मिलने पर तत्काल एक्शन
निरीक्षण के दौरान मौके पर भारी अनियमितताएं और नियमों का उल्लंघन पाया गया। जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि लापरवाही और अवैध गतिविधियों को देखते हुए ग्राम रामपुर रायहधारी के अंतर्गत संचालित हो रहे सभी रिटेल भंडारणों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही, सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सभी इकाइयों के ई-खन्ना पोर्टल को भी अस्थायी रूप से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
”जनपद हरिद्वार में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ हमारा अभियान लगातार जारी है। फिलहाल संबंधित इकाइयों पर कार्रवाई की गई है और पूरी जांच के बाद नियमानुसार आगे की सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”- काजिम रजा (जिला खनन अधिकारी)
इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खनन माफियाओं और नियमों को ताक पर रखकर काम करने वाले भंडारण संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसी किसी भी शिकायत पर बिना देर किए इसी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

