उत्तराखंड हरिद्वार हाईवे पर फिर हुआ बड़ा दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी वोल्वो बस में लगी भीषण आग, मौके पर मची अफरा –तफरी,,,,

हरिद्वार: हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में दो विदेशी नागरिकों सहित कुल 32 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस में रखा यात्रियों का सामान आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 4 बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतरशाह से लगभग 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर बस में तकनीकी खराबी के चलते अचानक आग लग गई।
आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक और परिचालक की सूझबूझ तथा यात्रियों की तत्परता से सभी लोग तुरंत बस से बाहर निकल आए। हालांकि अधिकांश यात्री अपना सामान बस से नहीं निकाल सके, जिसके चलते उनका सामान आग में जल गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। इसके साथ ही रुड़की से फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
बस चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर तथा परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने प्रारंभिक जांच में बताया कि आग बस के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया। बस में सवार दो विदेशी नागरिकों समेत सभी यात्रियों ने सुरक्षित सहायता और त्वरित राहत कार्य के लिए हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जबकि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
