उत्तराखंड ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, टिहरी देवप्रयाग के पास क्रैश बैरियर तोड़कर गंगा में समाई इनोवा, 3 शव बरामद और 4 लोग लापता,,,

टिहरी: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद सीधे गंगा नदी में समा गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
🔴 क्रैश बैरियर तोड़कर गंगा में गिरी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK 08 TA 5433 ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान चकासा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार इनोवा सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी और फिर गंगा नदी के तेज बहाव में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला इकाइयों से विशेष रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
🔴 3 शव बरामद, एक बालक को बचाया गया
उत्तराखंड पुलिस द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार दुर्घटना में अब तक दो पुरुष और एक महिला का शव बरामद किया जा चुका है। वहीं एक बालक को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रशासन के अनुसार वाहन में सवार लोग राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के समय वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि की जा रही है।
🔴 4 लोगों की तलाश जारी
रेस्क्यू टीमों द्वारा गंगा नदी के तटों और आसपास के इलाकों में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। अभी भी चार लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।
