उत्तराखंड नीति घाटी का ‘जागरण’ सीमांत स्वाभिमान और विकास की नई इबारत- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

चमोली (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ जैसे आयोजन सीमांत क्षेत्रों में नए विश्वास, पर्यटन और स्वरोजगार का सशक्त माध्यम बनेंगे। उन्होंने इस आयोजन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वाइब्रेंट विलेज’ संकल्प का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि नीति घाटी का यह जागरण केवल एक खेल स्पर्धा नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान और स्वावलंबन का प्रतीक है।
🟢 वर्चुअल माध्यम से विजेताओं को किया संबोधित
सीमांत जनपद चमोली की सामरिक रूप से महत्वपूर्ण नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय (31 मई से 2 जून) ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब सीमांत गांवों को “देश का अंतिम” नहीं बल्कि “देश का पहला गांव” मानकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि वाइब्रेंट विलेज योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। नीति क्षेत्र में होम-स्टे की संख्या 35 से बढ़कर अब 450 से अधिक हो गई है, जो इस बात का प्रमाण है कि पर्यटन के माध्यम से रिवर्स माइग्रेशन (गांवों की ओर वापसी) को गति मिल रही है।

🟢 फिट इंडिया और पर्यटन का अनूठा संगम
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस अल्ट्रा रन में देश के 27 राज्यों के 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 11 हजार फीट की चुनौतीपूर्ण ऊंचाई पर आयोजित इस दौड़ ने युवाओं के साहस और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
🟢 विजेताओं की घोषणा और सम्मान
मलारी गांव में आयोजित भव्य समारोह में पर्यटन सचिव श्री धीराज गर्ब्याल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
🟢 प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
- 75 किमी (ओपन वर्ग): दिगंबर सिंह (पुरुष) और मीनाक्षी (महिला) प्रथम रहे।
- 42 किमी (ओपन वर्ग): यश राज (पुरुष) और दिया (महिला) ने बाजी मारी।
- 21 किमी (हाफ मैराथन): लोकेश कुमार (पुरुष) और प्रिया (महिला) प्रथम स्थान पर रहे।
- 10 किमी (ओपन वर्ग): सुरेंद्र सिंह (पुरुष) और पूजा बिष्ट (महिला) विजयी रहे।
- 05 किमी (ओपन वर्ग): प्रकाश भट्ट (पुरुष) और अर्पिता सैनी (महिला) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
- वरिष्ठ वर्ग (60+): 75 किमी में कृष्णा तमांग और 42 किमी में थॉमस ने प्रथम स्थान हासिल किया।

🟢आयोजन के आंकड़े एक नजर में
इस महाआयोजन में कुल 1100 से अधिक धावकों ने शिरकत की, जिसमें:
- 75 किमी अल्ट्रा रन: 160 प्रतिभागी
- 42 किमी मैराथन: 155 प्रतिभागी
- 21 किमी हाफ मैराथन: 215 प्रतिभागी
- 10 किमी शॉर्ट रन: 210 प्रतिभागी
- 05 किमी फन रन: 260 प्रतिभागी
🟢 कल होगा एमटीबी चैलेंज
आयोजन के अंतिम दिन यानी 2 जून को गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर की एमटीबी (माउंटेन टेरेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक साइकिलिस्ट अपना दम दिखाएंगे।
समारोह के दौरान भारतीय सेना, आईटीबीपी, पर्यटन विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन का उत्साहवर्धन किया।
