उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026, टिहरी में सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, सघन चेकिंग अभियान में 22 वाहनों के चालान और 4 वाहन किए सीज,,,
टिहरी गढ़वाल: आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए जिला प्रशासन टिहरी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार, जनपद के विभिन्न मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
NH-34 पर कड़ी कार्रवाई
इसी कड़ी में आज टिहरी-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) प्रवर्तन, सत्येंद्र राज के नेतृत्व में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्रा मार्ग पर चलने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

नियमों के उल्लंघन पर चला हंटर
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मुख्य रूप से निम्नलिखित कमियां पाए जाने पर 22 वाहनों के चालान किए गए:
- बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन संचालन।
- ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग।
- बिना बीमा, पंजीकरण (RC) और बिना टैक्स चुकाए चल रहे वाहन।
- हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) का न होना।
इस कार्रवाई के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 04 वाहनों को मौके पर ही सीज (बंद) कर दिया गया।
सुरक्षित यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। एआरटीओ सत्येंद्र राज ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान सहायक परिवहन निरीक्षक अर्जुन सिंह, आरक्षी विपिन और होमगार्ड सुशील सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही।
