उत्तराखंड 28 अप्रैल से बदलेगा उत्तराखंड का मिजाज, मैदानी जिलों में हीट वेव का रेड अलर्ट, तो ऊंचे शिखरों पर बर्फबारी का दौर शुरू,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में जहां एक तरफ मैदानी जिलों में तेज धूप, बढ़ता तापमान और लू जैसे हालात हैं, वहीं दूसरी तरफ पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी से मौसम खुशनुमा है. मैदानी इलाके में अप्रैल के आखिरी दिनों में जून जैसे हालात दिख रहे हैं. ऐसे में जानिए आपके शहर में क्या है मौसम का मिजाज।
उत्तराखंड में गर्मी का सितम जारी है. जहां राजधानी देहरादून समेत तमाम मैदानी इलाके भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में हैं, वहीं प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी का आदेश जारी कर दिया है। राहत की बात है कि अब 28 अप्रैल से पहाड़ों की चोटियों पर बर्फबारी और मैदानों में तेज आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। इस मौसमी उथल-पुथल के बीच स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को लेकर भी अलर्ट जारी किया है. जानिए अगले चार दिनों तक आपके शहर में मौसम कैसा रहेगा।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में तेज गर्मी का दौर जारी है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से ही पहाड़ों के ऊंचे इलाकों में मौसम बदलने लगेगा. प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश तथा 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान भी जताया गया है. इससे पहाड़ों में रातें ठंडी हो जाएंगी, लेकिन मैदानों में फिलहाल लू का खतरा बना हुआ है।
हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी
पहाड़ी इलाकों के मौसम की बात करें तो आने वाले दिनों में उत्तराखंड में 27 और 28 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी के साथ गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 2 मई के बीच इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं. इन इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, खासकर देवभूमि में 28 और 29 अप्रैल को ओले गिर सकते हैं। अगले 24 से 48 घंटों के बाद मौसम में बड़ा बदलाव आएगा और तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
देहरादून के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने देहरादून में भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. सोमवार, 27 अप्रैल को मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने की आशंका है. जिसे देखते हुए देहरादून में सोमवार को कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल, साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे।
आने वाले दिनों के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने 28 अप्रैल से पूरे प्रदेश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसके बाद लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। 29 और 30 अप्रैल को महीने के आखिरी दो दिनों में बारिश का दायरा थोड़ा बढ़ जाएगा। देहरादून और पहाड़ी जिलों टिहरी व पौड़ी सहित राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में ओले गिरने और तेज बारिश की आशंका है।
सुरक्षा का रखें ध्यान
आने वाले दिनों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतना बहुत जरूरी है. इसके लिए आप जरूरी सावधानी बरतें। विशेषज्ञों का कहना है कि उच्च तापमान के कारण लोगों को हीट रैश, हीट क्रैम्प्स और थकान जैसी स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां हो सकती हैं. इसलिए मैदानी इलाकों के लोग दोपहर के समय घरों में ही रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। जब भी तेज आंधी चले या बिजली कड़के, तो पेड़ों के नीचे या कच्चे ढांचों के पास न खड़े हों। घर के बिजली के उपकरणों को बंद कर दें।
