उत्तराखंड विधानसभा चुनाव- 2027, पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही चुनावी रण में उतरेगी भाजपा, शीर्ष नेतृत्व ने की घोषणा,,,,

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछाते हुए नेतृत्व को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उत्तराखंड का आगामी विधानसभा चुनाव वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
दो राज्यों में मौजूदा नेतृत्व पर मुहर
दिल्ली में एक साक्षात्कार के दौरान नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि न केवल उत्तराखंड, बल्कि उत्तर प्रदेश में भी पार्टी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दोनों राज्यों ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। शीर्ष नेतृत्व के इस बयान ने पिछले काफी समय से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही सभी राजनीतिक अटकलों और चर्चाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया है।
‘ट्रैक रिकॉर्ड’ बना धामी की ताकत
नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली और विकासोन्मुख दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच राज्य सरकार ने प्रभावी प्रदर्शन किया है। उन्होंने जोर देकर कहा:
”किसी भी सरकार की सफलता का पैमाना उसका ट्रैक रिकॉर्ड और आमजन के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव होता है। धामी सरकार इन मानकों पर पूरी तरह खरी उतरी है।”
शीर्ष नेतृत्व का अटूट भरोसा
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सौम्य छवि और कड़े निर्णयों के समन्वय से केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा जीता है। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी जैसे दिग्गज नेताओं के उत्तराखंड दौरों के दौरान भी धामी सरकार के कामकाज की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की गई थी, जो इस घोषणा का पूर्व संकेत था।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार
नेतृत्व की स्पष्टता होने से भाजपा अब संगठनात्मक रूप से अधिक मजबूती के साथ चुनावी रणनीति पर ध्यान केंद्रित कर सकेगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस फैसले से कैडर स्तर पर भ्रम की स्थिति समाप्त होगी और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार होगा। अब भाजपा पूरी तरह से ‘धामी के चेहरे’ और ‘मोदी के मार्गदर्शन’ के फॉर्मूले पर चुनाव अभियान को गति देगी।
