उत्तरकाशी चारधाम यात्रा 2026 का भव्य आगाज, पहले दिन 9800 श्रद्धालुओं ने किए दो धामों में दर्शन,,,

उत्तरकाशी। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा का शुभारंभ रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक विधियों के साथ हुआ। यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यात्रा के पहले ही दिन दोनों धामों में कुल 9800 तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर अपनी आस्था प्रकट की।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन यमुनोत्री धाम में 8200 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि गंगोत्री धाम में 1600 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस प्रकार दोनों धामों में श्रद्धालुओं की कुल संख्या 9800 दर्ज की गई, जो यात्रा के प्रति गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाती है।
दर्शनार्थियों के वर्गीकरण पर नजर डालें तो कुल 5503 पुरुष, 4033 महिलाएं और 264 बच्चे शामिल रहे। यह आंकड़ा बताता है कि सभी आयु वर्ग के लोग इस पावन यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्य तीर्थयात्रियों के अलावा स्थानीय श्रद्धालुओं और देव डोलियों की भी विशेष भागीदारी रही। गंगोत्री धाम में 1450 स्थानीय श्रद्धालुओं व देव डोलियों ने दर्शन किए, जबकि यमुनोत्री धाम में यह संख्या 1350 रही।
यात्रा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न विभागों की टीमें लगातार सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित कर रही हैं।
चारधाम यात्रा 2026 के पहले दिन की यह शानदार शुरुआत आने वाले दिनों में और अधिक भीड़ का संकेत दे रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और सुरक्षित व सुव्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें।
