उत्तराखंड हरिद्वार में “ऑपरेशन प्रहार” की बड़ी सफलता, फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही बांग्लादेशी महिला मददगार भारतीय मित्र सहित गिरफ्तार,,,,,

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महिला को शरण देने और उसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 08 अप्रैल 2026 को ज्वालापुर क्षेत्र में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद इंस्टीट्यूट के पास एक संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ के दौरान महिला की पहचान पहले “स्वीटी” नाम से सामने आई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम सहेला बेगम (41 वर्ष) निवासी कुमीला, बांग्लादेश बताया।

पुलिस जांच में सामने आया कि सहेला बेगम वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास के कहने पर भारत आई थी। भारत में उसका वैध प्रवास 90 दिनों का था, लेकिन अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से दिल्ली में श्यामदास के साथ रहने लगी। कुछ समय बाद दोनों हरिद्वार आ गए, जहां श्यामदास की मदद से महिला ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट जैसे फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवा लिए और नाम बदलकर रह रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किया। इसके अलावा भारतीय पहचान के कई फर्जी दस्तावेज भी मिले हैं।
पुलिस ने इस मामले में सहेला बेगम और उसकी मदद करने वाले श्यामदास (45 वर्ष) निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू टीम की सराहना की है। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल, महिला उप निरीक्षक सोनल रावत, कांस्टेबल मनोज डोभाल और देवेंद्र कुमार के साथ एलआईयू से उप निरीक्षक सुरेश शाह तथा हेड कांस्टेबल मंशा राम शामिल रहे।
