उत्तराखंड प्रधानमंत्री मोदी के देहरादून दौरे की तैयारियां तेज, आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक रूट को 13 जोन में बांटा,,,,

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जोनल, सेक्टर व नोडल अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे मार्ग को 13 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की सुविधा, समन्वय और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे रूट पर बड़ी संख्या में आमजन के स्वैच्छिक रूप से शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए चिन्हित स्थानों पर पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद इंतजाम रखने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यक्रम गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यहां आमजन के बैठने के लिए पंडाल, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जोनल और सेक्टर अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को सहारनपुर के गणेशपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देहरादून में प्रस्तावित भ्रमण मार्ग के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक दलों द्वारा स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक दिखाई देगी।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह सहित सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
