उत्तराखंड अल्मोड़ा में सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई, ब्लॉक कार्यालय का अकाउंटेंट 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,,,,,

देहरादून/अल्मोड़ा:
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का शौचालय निर्माण कार्य के लिए करीब 3 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि इस टेंडर से संबंधित एफडीआर (FDR) रिलीज कराने के नाम पर अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था और बिना पैसे दिए फाइल आगे बढ़ाने से इंकार कर रहा था।
लगातार हो रही मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत 8 अप्रैल 2026 को सतर्कता टीम ने ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में ट्रैप ऑपरेशन चलाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी हर सिंह बिष्ट, पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट, वर्तमान में लेखाकार के पद पर तैनात है और अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। सतर्कता विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सतर्कता विभाग ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट किया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी भी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत सतर्कता विभाग को दें।
