उत्तराखंड कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट की टनल में धंसी मिट्टी, श्रमिक सुरक्षित- मरम्मत के बाद फिर शुरू हुआ निर्माण कार्य,,,

रुद्रप्रयाग। जिले में निर्माणाधीन कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के तहत सोमवार देर रात एक टनल में अचानक मिट्टी धंसने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना 6 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी जवाड़ी से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर स्थित इमरजेंसी टनल 7बी पैकेज में निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। टनल के अंदर अचानक मिट्टी धंसने से वहां मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और स्थिति को संभाल लिया गया।
निर्माण कार्य कर रही कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी महेश भट्ट के अनुसार, घटना के समय मौजूद सभी श्रमिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर टनल की स्थिति का जायजा लिया और तुरंत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया।
प्रशासन और कंपनी के संयुक्त प्रयासों से हालात जल्द ही सामान्य कर लिए गए और टनल में निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
