उत्तराखंड राजधानी देहरादून में बेटी के जन्म का अनोखा जश्न, कारों पर ‘बेटी हुई है’ के पोस्टर लगाकर परिवार ने मनाई खुशियां,,,

देहरादून। समाज में बेटियों को लेकर बदलती सोच की एक खूबसूरत झलक देहरादून की सड़कों पर देखने को मिली। शहर में एक परिवार ने बेटी के जन्म की खुशी को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, परिवार ने अपनी खुशी को पूरे शहर के साथ साझा करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने अपनी कई कारों पर गुलाबी रंग के पोस्टर लगवाए, जिन पर बड़े अक्षरों में ‘बेटी हुई है’ लिखा हुआ था। ये कारें शहर की सड़कों पर घूमती रहीं और जहां-जहां पहुंचीं, वहां लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचती रहीं। इस पहल को देखने वाले लोग भी इस खुशी में शामिल होते नजर आए।
इस खास पल का वीडियो रेडियो जॉकी आरजे नीरज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि “बिटिया जीवन में चमत्कार की तरह होती हैं।” वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार बेटी के जन्म को लेकर कितना उत्साहित है और पूरे शहर को इस खुशी की खबर देना चाहता है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे समाज में बेटियों के प्रति बदलती सोच का सकारात्मक उदाहरण बताया है।
वीडियो पर आए कुछ कमेंट्स भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि अगर पोस्टर पर ‘लड़का हुआ है’ लिखा होता तो शायद इतना सकारात्मक प्रतिक्रिया न मिलती। वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि “भारत में यह सामान्य बात होनी चाहिए, तभी देश सच में विकसित होगा।” कुछ लोगों ने कहा कि “कुछ घर ही लड़कियों के हकदार होते हैं,” जबकि कई यूजर्स ने नई पीढ़ी की इस सोच की जमकर तारीफ की।
देहरादून का यह अनोखा जश्न न सिर्फ एक परिवार की खुशी का प्रतीक है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति बढ़ती सकारात्मक सोच और सम्मान का भी संदेश देता है।
