उत्तराखंड मुख्यमंत्री की सख्ती का असर: “ऑपरेशन प्रहार” में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई अपराधी गिरफ्तार,,,

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान जारी है। राज्यभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं।
🔴 राजपुर फायरिंग हत्याकांड में 3 और गिरफ्तार
राजपुर क्षेत्र में हाल ही में हुई फायरिंग और हत्या की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदेश गिरी (शामली, उत्तर प्रदेश), समीर चौधरी (मंगलौर, हरिद्वार) और मोहित अरोड़ा (उत्तम नगर, नई दिल्ली) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह घटना एक बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच रोडरेज के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी है, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति को गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में इससे पहले भी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
🔴 18.5 लाख की डकैती का आरोपी ऋषिकेश से पकड़ा
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश रमेश लहारे को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के आधार पर चिन्हित किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
🔴 1 लाख का इनामी और जेल फरार अपराधी गिरफ्तार
उड़ीसा के कटक जिले से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर सीसीटीवी विश्लेषण और घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
🔴 डाकरा बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के साथ मिलकर डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया। इस दौरान अवैध कब्जों को हटाते हुए 6 लोगों के खिलाफ धारा 83 और 14 लोगों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा नो पार्किंग जोन में खड़े 8 वाहनों को क्रेन से हटाकर चालान किया गया।
🔴 डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ ही पीजी, होटल, आश्रम, धर्मशालाओं और हॉस्टलों में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
