देहरादून डिजिटल क्रॉप सर्वे व फार्मर रजिस्ट्री के दबाव के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन, संयुक्त परिषद ने किया समर्थन,,,,

देहरादून: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि परिषद ने कृषि, उद्यान व अन्य विभागों के कार्मिकों द्वारा गठित समन्वय समिति के आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया है। समिति के आह्वान पर 2 अप्रैल 2026 को परेड ग्राउंड से सचिवालय तक आयोजित रैली व कूच में परिषद के सभी घटक संगठनों और पदाधिकारियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया है।
परिषद ने इस संबंध में मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि गन्ना, कृषि, उद्यान और राजस्व विभाग के कार्मिकों में डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री को लेकर बढ़ते कार्यदबाव और अव्यवहारिक कार्यप्रणाली के कारण व्यापक आक्रोश व्याप्त है। संयुक्त परिषद की छत्रछाया में गठित समन्वय समिति ने इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर देहरादून में परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच का ऐलान किया है।
समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि पहले डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निजी सर्वेयरों से कराने की योजना थी, लेकिन अब बिना पर्याप्त संसाधन और व्यवस्थाओं के यह पूरा दायित्व विभागीय कार्मिकों पर डाल दिया गया है, जो कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की जमीनी हकीकत— तकनीकी खामियां, नेटवर्क की समस्या, संसाधनों की कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों — को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों को कड़े लक्ष्य देकर हर हाल में कार्य पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है और असफल होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।
समन्वय समिति का कहना है कि ऐसी नीतियां न केवल कर्मचारियों का मानसिक और शारीरिक शोषण कर रही हैं, बल्कि इससे आम जनता को मिलने वाली सरकारी सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का व्यावहारिक समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार पांडे ने बताया कि परिषद ने मुख्य सचिव से इस मामले में कार्मिक संगठनों के साथ शीघ्र बैठक कर समाधान निकालने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से सैकड़ों कर्मचारी 2 अप्रैल को देहरादून कूच में शामिल होकर अपनी एकजुटता और विरोध दर्ज कराएंगे।
