उत्तराखंड, केंद्र की ‘Pride of Hills’ पहल से उत्तराखंड को बड़ी आर्थिक मदद, 3460 करोड़ का अतिरिक्त आवंटन,,,,
नई दिल्ली/देहरादून: वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए भारत सरकार द्वारा जारी SASCI (Special Assistance to States for Capital Investment) गाइडलाइंस में उत्तराखंड को बड़ी आर्थिक राहत और विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रावधान मिला है।
केंद्र सरकार ने इस बार गाइडलाइंस में “Pride of Hills” नाम से एक विशेष व्यवस्था जोड़ी है, जिसके तहत पर्वतीय राज्यों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस नई पहल के अंतर्गत उत्तराखंड को वित्तीय वर्ष 2026–27 में 3460 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन प्राप्त होगा। यह राशि राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, कनेक्टिविटी सुधार और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने में सहायक साबित होगी।
इसके अलावा, राज्य को 765 करोड़ रुपये की अनटाइड फंड्स (Untied Funds) के रूप में भी सहायता दी जाएगी। इन निधियों का उपयोग राज्य सरकार अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं में कर सकेगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप काम करना आसान होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और राज्य तेजी से प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अतिरिक्त वित्तीय सहायता से राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति मिलेगी, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के समग्र विकास को बल मिलेगा।

