उत्तराखंड में यहाँ एक शाम में ही हुए कई सड़क हादसे, तेज रफ्तार और लापरवाही से कई लोग घायल,,,,

नैनीताल: बुधवार की शाम सड़क हादसों से भरी रही। शहर के अलग-अलग स्थानों पर हुए कई दुर्घटनाओं ने लोगों को दहला दिया। तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण कई लोग घायल हो गए। इनमें एक स्थानीय व्यापारी का पैर टूट गया, जबकि कुछ छात्र और अन्य युवक भी चोटिल हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन गया है।
🔴 नाबालिग स्कूटी सवारों ने व्यापारी को मारी टक्कर
मल्लीताल स्थित पालिका बाजार में कैंडल की दुकान लगाने वाले जगदीश चंद्र तिवाड़ी बुधवार शाम अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मोहन-को चौराहे के पास पहुंचे, रॉयल होटल की ओर से आ रहे तीन नाबालिग स्कूटी सवारों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि व्यापारी का पैर बुरी तरह टूट गया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
🔴 बोलेरो कार की टक्कर से दो छात्र घायल
एक अन्य हादसे में तल्लीताल निवासी पार्थ साह अपने साथी के साथ स्कूटी से हनुमानगढ़ी जा रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो कार ने बैक करते समय उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों छात्र घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
🔴 तेज रफ्तार में फिसली स्कूटी, युवक घायल
मॉल रोड पर भी एक दुर्घटना सामने आई, जहां जू रोड निवासी 22 वर्षीय अनस की स्कूटी तेज रफ्तार के कारण अचानक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया। हालांकि युवक ने इस मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
🔴 टैक्सी बाइक हादसे में छात्रा को आई चोटें
मंगलवार को भी शहर में एक बड़ा हादसा हुआ था। डीएसबी कॉलेज की छात्रा नमीरा को लेकर जा रहा टैक्सी बाइक चालक मार्शल कॉटेज के पास संतुलन खो बैठा और बाइक गिर गई। इस दुर्घटना में छात्रा के चेहरे पर कई चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
🔴 पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे
नैनीताल में इससे पहले भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। 19 मार्च को भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी, जिसमें उनकी नाक और गाल की हड्डी टूट गई थी। इस घटना ने भी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था और युवाओं की लापरवाही पर सवाल खड़े किए थे।
🔴 लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की
लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। नैनीताल के साथ ही हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर में भी तेज रफ्तार वाहनों का खतरा बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस, आरटीओ विभाग और जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। समय रहते ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन और जागरूकता अभियान ही ऐसे हादसों को रोकने में मदद कर सकते हैं।
