देश दुनिया- प्री मानसून के असर मे आई तेजी,22 से 25 मार्च तक उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट,,,,

देहरादून। देशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22, 23, 24 और 25 मार्च के दौरान देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून की सक्रियता बढ़ने से उत्तर, पश्चिम, पूर्व, मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 मार्च के बीच राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पश्चिम भारत में भी सक्रिय हुआ प्री-मानसून
पश्चिम भारत के मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 22 से 25 मार्च के बीच अच्छी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और बादलों की गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में तेज बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी प्री-मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में तेज बारिश और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि धूल-भरी आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।
उत्तर-पूर्व भारत में भी बारिश का अलर्ट
असम, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भी 22 से 25 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, माहे, पुडुचेरी, यनम और कराईकल में भी प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने के कारण 22 से 25 मार्च के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने तथा तेज हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
