उत्तराखंड हल्द्वानी मे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सीएम धामी की जमकर सराहना, बोले “धाकड़ नहीं, अब धुरंधर धामी”
हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को “धाकड़” कहने के बाद अब “धुरंधर धामी” की संज्ञा देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय उन्होंने विश्वास जताया था कि धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी और परिणाम उसी के अनुरूप आए। उन्होंने कहा कि पहले वे धामी को “धाकड़” कहते थे, लेकिन अब उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें “धुरंधर धामी” कहना अधिक उपयुक्त होगा।

रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड को “देवभूमि” बताते हुए कहा कि यह आस्था, संस्कृति और तप की भूमि है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, उस समय वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर थे और उस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी रहे हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने संतुलित और दूरदर्शी नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट मानना है कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि संवाद और कूटनीति के जरिए ही स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत ऊर्जा और उर्वरक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े संकट से बचा रहा, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों को जाता है। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है।
उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर दिए गए इस बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है। जहां भाजपा धामी सरकार की उपलब्धियों को लेकर आत्मविश्वास में नजर आ रही है, वहीं विपक्ष भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया देने की तैयारी कर रहा है।

