उत्तराखंड देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार इनोवा ने मचाया आतंक, पिता की मौत और बेटा गंभीर रूप से घायल,,,,,

देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने शहर को झकझोर कर रख दिया। ओल्ड सर्वे रोड पर तेज रफ्तार इनोवा कार ने कई वाहनों को टक्कर मारते हुए बाइक सवारों को कुचल दिया और बेकाबू होकर एक मकान में जा घुसी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार पिता-पुत्र इस हादसे का शिकार हो गए। मृतक की पहचान रोहित फिलिप (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ओल्ड सर्वे रोड के निवासी थे। हादसे में उनका बेटा अनूप (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित ने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इनोवा चालक गुनीत सिंह (43 वर्ष), निवासी डालनवाला, नशे की हालत में वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने पहले डीएल रोड पर एक कार को टक्कर मारी और फिर स्कूटी व बाइक को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। इस दौरान स्कूटी सवार राहुल, निवासी अंबेडकर नगर, भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बेकाबू कार ओल्ड सर्वे रोड स्थित एक मकान का गेट तोड़ते हुए अंदर जा घुसी, जिससे घर में खड़ी स्कूटी और कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायल राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद मैक्स अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज दून अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर करता है। घटना के बाद सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन की आवश्यकता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
