उत्तराखंड देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा को मंजूरी, सीमांत क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत,,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई संपर्क को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। देहरादून से सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा जल्द शुरू होने जा रही है। क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत इस नई उड़ान सेवा को केंद्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस संबंध में जानकारी दी है। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा को सुदृढ़ करने के लिए किए गए अनुरोध पर केंद्र ने सकारात्मक निर्णय लिया है।
इस नई सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिले का सीधा हवाई संपर्क राजधानी देहरादून से स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में इस रूट पर उड़ान संचालन के लिए स्काईहाप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है। कंपनी उड़ान प्रचालक प्रमाण पत्र (AOC) प्राप्त करने, विमान अधिग्रहण और अन्य नियामकीय एवं परिचालन प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे रही है।
औपचारिकताएं पूरी होते ही इस मार्ग पर नियमित उड़ान सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार अन्य विमानन कंपनियों से भी इस रूट पर सेवाएं प्रारंभ करने के लिए संपर्क में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास में निरंतर सहयोग कर रही है। हवाई सेवाओं के विस्तार से पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्तमान में देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद (शमशाबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू के लिए नियमित उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। नई सेवा शुरू होने के बाद राज्य की हवाई कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत हो जाएगी।
