उत्तराखंड हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा, सीएम धामी ने दिए समयबद्ध कार्यों के निर्देश,,,,

हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार भ्रमण के दौरान आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ जैसे विराट आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले का आयोजन दिव्य और भव्य स्वरूप में होना चाहिए, जिसमें किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और धार्मिक-सामाजिक संगठनों तथा साधु-संतों के सहयोग से आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि कुंभ से जुड़े कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात और पार्किंग जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति तैयार करने को भी कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों से युक्त इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही गई।
श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर तक जाने वाले मार्गों के सुधार कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित पूरे कुंभ क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के लिए आधुनिक और आकर्षक भवन निर्माण की योजना तैयार करने को कहा गया।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने जानकारी दी कि कुंभ मेला 2027 के तहत सड़क, पुल, घाट, जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से संबंधित 33 स्थायी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जिन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कुंभ मेला 2027 को सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।
