उत्तराखंड रुद्रपुर में यहां छीपा रखी थी करोड़ों की NCERT किताबे, पुलिस ने करोड़ों की किताबें सहित किताबों से भरा ट्रक भी किया जब्त,,,,
![]()
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के कीरतपुर क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एनसीईआरटी की बड़ी मात्रा में किताबें बरामद की गई हैं। गोदाम से मिली इन किताबों की अनुमानित कीमत करीब तीन से चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। टीम ने मौके से किताबों से लदा एक ट्रक भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कीरतपुर स्थित एक गोदाम से एनसीईआरटी की किताबें ट्रक में भरकर कहीं भेजी जा रही हैं। सूचना मिलते ही कोतवाल मनोज रतूड़ी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग को भी अलर्ट किया गया।
सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि रात के समय प्रशासनिक अधिकारी उपलब्ध नहीं थे, इसलिए तत्काल कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरी रात गोदाम पर नजर बनाए रखी।
अगली सुबह तहसीलदार दिनेश कुटौला के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार और जिला शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में गोदाम का ताला तोड़ा गया। अंदर प्रवेश करने पर टीम को बड़ी संख्या में एनसीईआरटी की किताबें मिलीं। साथ ही एक ट्रक भी बरामद हुआ, जिसमें पहले से किताबें लदी हुई थीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में रखी किताबों से जुड़े बिल संदिग्ध हैं और उनमें फर्जीवाड़े की आशंका जताई जा रही है। छापेमारी के दौरान गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे यह संदेह और गहरा गया है कि किताबों को अवैध तरीके से कहीं भेजने की तैयारी की जा रही थी।
जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि फिलहाल यह जांच की जा रही है कि किताबें किस स्रोत से लाई गई थीं और इन्हें किस स्थान पर भेजा जाना था। जांच के लिए किताबों के कुछ नमूने भी सुरक्षित कर लिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने एनसीईआरटी की किताबें छापने के लिए केवल तीन प्रिंटर्स को अधिकृत किया है। इनमें राज इंटरप्राइजेस, दीपक प्रिंटर्स और मथुरा स्थित आज तक प्रिंटर्स शामिल हैं। इनके अलावा किसी अन्य संस्था या व्यक्ति को इन किताबों की छपाई की अनुमति नहीं है।
मामले की सूचना शिक्षा विभाग के निदेशालय देहरादून और एनसीईआरटी अधिकारियों को भेज दी गई है। फिलहाल गोदाम को पुलिस की निगरानी में रखा गया है और सोमवार को एनसीईआरटी की टीम के रुद्रपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
