उत्तराखंड, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के युवाओं का जलवा, कई अभ्यर्थियों ने हासिल की शानदार रैंक,,,

देहरादून। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के युवाओं ने उल्लेखनीय रैंक हासिल कर सफलता का परचम लहराया है।
देहरादून की मीनल नेगी, जो मूल रूप से टिहरी की निवासी हैं, ने 66वीं रैंक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। वहीं काशीपुर की प्रिया सिंह चौहान ने अपने चौथे प्रयास में सफलता प्राप्त करते हुए 45वीं रैंक हासिल की। लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः अपने अंतिम प्रयास में उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया।
चंपावत जिले के बाराकोट निवासी अनुज पंत ने 69वीं रैंक प्राप्त की। हरिद्वार के सिडकुल निवासी आर्यन सिंह ने 104वीं रैंक हासिल कर धर्मनगरी का मान बढ़ाया। पिथौरागढ़ के आदित्य पाठक ने 189वीं रैंक प्राप्त की।
इसके अलावा हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र के अत्मलपुर बोंगला गांव के तुषार चौहान ने 216वीं रैंक हासिल की। चंपावत जिले के लोहाघाट के टूड़ा तोक की अनुप्रिया ने 258वीं रैंक प्राप्त की। उत्तरकाशी जिले के पुरोला प्रखंड के सुनाली गांव निवासी ऋषभ नौटियाल ने 552वीं रैंक हासिल की।
देहरादून जिले के कालसी ब्लॉक के जखनोग गांव के स्वप्निल सेमवाल ने 600वीं रैंक प्राप्त की, जबकि इसी गांव के आयुष सेमवाल ने 851वीं रैंक हासिल की। रुड़की के पिरान कलियर की फैरुज फातिमा ने 708वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
नैनीताल जिले के भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल ने 822वीं रैंक हासिल की। वहीं देहरादून जिले की त्यूणी तहसील के बृनाड गांव की आस्था चौहान ने 934वीं रैंक प्राप्त की।
प्रदेशभर में इन अभ्यर्थियों की सफलता पर खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
