उत्तराखंड हरिद्वार मे 07 मार्च के VVIP कार्यक्रम को लेकर हरिद्वार पुलिस ने किया विस्तृत पार्किंग एवं यातायात प्लान जारी,,,,,

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में दिनांक 07 मार्च 2026 को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत हरिद्वार पुलिस द्वारा व्यापक पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आने वाले वाहनों और बसों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार पार्किंग संख्या-1 एनएच प्रोजेक्ट के बायीं ओर बसों के लिए निर्धारित की गई है, जबकि पार्किंग संख्या-2 एनएच प्रोजेक्ट के सामने सेक्टर-1 में कारों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग संख्या-3 एनएच प्रोजेक्ट के सामने सेक्टर-2 में बसों के लिए आरक्षित रहेगी। इसके अतिरिक्त पुलिस हैंगर के दाहिनी ओर पार्किंग संख्या-4 वीआईपी वाहनों के लिए तथा पुलिस हैंगर के बायीं ओर वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार पुलिस हैंगर के पीछे बीच वाले क्षेत्र में पार्किंग संख्या-5 बसों के लिए निर्धारित की गई है, जबकि नदी घाट क्षेत्र में पुलिस हैंगर के पीछे ऊपर टंकी के सामने पार्किंग संख्या-6 बसों के लिए बनाई गई है। अखाड़ों वाली जमीन को पार्किंग संख्या-7 के रूप में रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा दक्ष पार्किंग को बसों के लिए तथा गड्ढा पार्किंग को रिजर्व पार्किंग के रूप में चिन्हित किया गया है।
कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लक्सर, पथरी और कनखल क्षेत्र से आने वाली बसें जगजीतपुर, बुढ्ढी माता तिराहा, श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैम्प पहुंचेंगी और उन्हें पार्किंग संख्या-05 एवं 06 में खड़ा कराया जाएगा। वहीं रूड़की, भगवानपुर, मंगलौर, खानपुर, नारसन, कलियर और बुग्गावाला क्षेत्रों से आने वाली बसें हरिलोक, ऋषिकुल हाईवे, शंकराचार्य चौक और बैरागी कट होते हुए पार्किंग संख्या-01 एवं 03 में पार्क की जाएंगी।
सिड़कुल, बहादराबाद और बीएचईएल से आने वाली बसों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। ये बसें सिड़कुल, बीएचईएल, भगत सिंह चौक, पुराना रानीपुर मोड़, ऋषिकुल अंदर होते हुए ऋषिकुल हाईवे से शंकराचार्य चौक और बैरागी कट के रास्ते पार्किंग संख्या-01 एवं 03 में पहुंचेंगी। वहीं नजीबाबाद, कुमाऊँ, श्यामपुर, देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसें चंडी चौक, अलकनंदा कट और बैरागी गेट के रास्ते पार्किंग संख्या-01 एवं 03 तक पहुंचेंगी। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाली बसों के लिए जयराम मोड़ से अलकनंदा कट और बैरागी गेट के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में आने वाले सभी चौपहिया वाहनों को केवल पार्किंग संख्या-02 में ही पार्क किया जाएगा। इसके अतिरिक्त रूड़की की ओर से आने वाली बसों की एंट्री कार्यक्रम से एक घंटे पूर्व केवल बैरागी गेट से ही की जाएगी। इसके बाद प्रवेश मार्ग सिंहद्वार, देशरक्षक और बुढ्ढी माता के रास्ते रहेगा।
हरिद्वार पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का अनिवार्य रूप से पालन करें,
