उत्तराखंड आगामी 2027 चुनाव के लिए भाजपा ने खेला बड़ा दांव, पैराशूट दावेदारों की जगह स्थानीय दावेदारों को दी जाएगी प्राथमिकता,,,,

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ‘लोकल फॉर्मूले’ का दांव चलेगी। पैराशूट दावेदारों के बजाय स्थानीय दावेदारों को तवज्जो दी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने ऐसे संकेत दिए हैं।
भाजपा उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में पैराशूट की बजाए जमीनी नेताओं पर दांव लगाएगी। टिकट वितरण में असंतोष को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत नेताओं को तवज्जो देने की रणनीति बनाई गई है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि सभी मंत्री और विधायकों को अपने क्षेत्र में श्रेष्ठता साबित करने को कहा गया है।
भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनावों में हैट्रिक का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी लगातार नई रणनीति पर काम कर रही है। टिकट वितरण के लिए सर्वाधिक जीत की संभावना के फार्मूले के साथ ही अब पार्टी टिकट वितरण में असंतोष को थामने के लिए पैराशूट की बजाए स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता देने जा रही है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि हाल में हुई कोर ग्रुप की बैठक से पहले ही शीर्ष नेतृत्व साफ कर चुका है कि इस बार किसी भी मंत्री, विधायक को सीट बदलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके अलावा अलग अलग सीटों के मजबूत चेहरों को भी अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों में ही सक्रियता के लिए कहा गया है।
🟢 पैराशूट प्रत्याशियों से असंतोष
भाजपा ने पिछले चुनावों में कुछ नेताओं की सीट बदली थी तो कुछ दूसरे दलों से आए नेताओं को ऐन वक्त पर टिकट दे दिया था। इस वजह से कई जगह पार्टी को आंतरिक असंतोष का भी सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए इस बार केवल स्थानीय स्तर पर मजबूत और सक्रिय चेहरों पर ही दांव लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। पार्टी के मंत्री, विधायकों को तो इस संदर्भ में साफ तौर पर संकेत दिए जा चुके हैं।
🟢 नई सीटों की तलाश
भाजपा के करीब आधा दर्जन मंत्री और विधायक अपनी मौजूदा सीट को छोड़कर दूसरे स्थान से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। लेकिन शीर्ष नेतृत्व के फरमान की वजह से उनकी योजना को तगड़ा झटका लगा है। इसके साथ ही अपने क्षेत्र से बाहर तैयारी कर रहे नेताओं को भी इससे निराशा हाथ लग सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के सभी मंत्री और विधायकों को अपने अपने क्षेत्र पर फोकस कर वहीं पर श्रेष्ठता साबित करने को कहा गया है। अन्य क्षेत्रों में भी पार्टी स्थानीय स्तर पर मजबूत चेहरों को ही तवज्जो देगी।
