देहरादून में 23 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार, घटना के बाद मच्छी बाजार इलाके में फैली दहशत,,,,

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान एक युवक से बातचीत के दौरान अचानक उस पर हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने चापड़ (धारदार हथियार) से युवती के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और साक्ष्य एकत्र किए गए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोधस्वरूप मच्छी बाजार और आसपास की कई दुकानें बंद रहीं। स्थानीय लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम आकाश कुमार (27 वर्ष) है, जो कोमल राम का पुत्र है और 46 मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर देहरादून का निवासी है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि मच्छी बाजार स्थित दूल्हा मार्केट के पास गली में युवक द्वारा युवती पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है। घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
