
हरिद्वार: खेल निदेशालय उत्तराखण्ड, देहरादून एवं जिला प्रशासन हरिद्वार के मार्गदर्शन तथा जिला खेल कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय हॉकी अंडर-18 प्रतियोगिता में राज्य के 11 जनपदों सहित कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता का पहला मैच जनपद हरिद्वार (बी) एवं जनपद चम्पावत के मध्य खेला गया, जिसमें हरिद्वार (बी) की टीम ने चम्पावत को 2-0 से पराजित कर जीत दर्ज की। दूसरे मैच में जनपद देहरादून की टीम ने जनपद हल्द्वानी को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से हराया।
तीसरे मैच में जनपद हरिद्वार की टीम ने जनपद उधमसिंह नगर को 4-0 से शिकस्त दी, जबकि चौथे मैच में जनपद नैनीताल की टीम ने जनपद पौड़ी को 6-0 से पराजित किया। प्रतियोगिता के पाँचवें एवं अंतिम मुकाबले में हरिद्वार (बी) की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद जनपद देहरादून को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
आयोजन समिति द्वारा जानकारी दी गई कि कल दिनांक 02 फरवरी 2025 को पहला सेमीफाइनल मुकाबला जनपद हरिद्वार एवं जनपद देहरादून के मध्य तथा दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला जनपद हरिद्वार (बी) एवं जनपद उधमसिंह नगर के मध्य खेला जाएगा।
मैचों में निर्णायक की भूमिका अमित कटारिया, अमित नेगी, हरीश नेगी, महिमा भण्डारी, परमिता गौतम एवं सौरभ पटवाल ने निभाई।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार शबाली गुरुंग, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रजापति कुकरेती, कनिष्ठ सहायक विक्रम सिंह, सहायक प्रशिक्षक शिखा बिष्ट, दीपक चन्द्र जोशी, मंगल सिंह, शुभम बोहरा, अभिषेक मुरारी, अनुराग सिंह धमान्दा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
