देश मे टोल दरें बढ़ने से रोडवेज बसों के किराए मे हुआ इतना इजाफा, टिकट हुई महंगी आज रात से लागू नई दरें,,,,

देहरादून/बरेली: देश मे टोल दरों में बढ़ोतरी के बाद परिवहन निगम ने रोडवेज बसों के किराये में इजाफा कर दिया है। मुख्यालय के निर्देश पर क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) के नेतृत्व में एआरएम और वित्त अधिकारियों की बैठक के बाद किराया बढ़ाने का निर्णय लिया गया। नई दरें मंगलवार रात 12 बजे के बाद से लागू कर दी गई हैं, जिसके तहत यात्रियों को टिकट पर एक से तीन रुपये तक अधिक भुगतान करना होगा।
परिवहन निगम अधिकारियों के अनुसार एक अप्रैल से टोल कंपनियों ने अपनी दरों में वृद्धि कर दी थी। इसी के चलते रोडवेज बसों के किराये में भी मामूली बढ़ोतरी की गई है। मंगलवार को अधिकारियों ने विभिन्न रूटों के अनुसार संशोधित किराये की सूची जारी कर दी, जिसे रात 12 बजे से लागू कर दिया गया।
नई दरों के अनुसार कई प्रमुख रूटों पर किराये में बढ़ोतरी की गई है। बरेली से आनंद विहार का किराया 436 रुपये से बढ़कर 439 रुपये हो गया है, जबकि लखनऊ के लिए किराया 385 रुपये से बढ़ाकर 387 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह हल्द्वानी रूट पर किराया 168 से बढ़कर 169 रुपये, बहेड़ी 85 से 86 रुपये, देहरादून 514 से 515 रुपये, हरिद्वार 396 से 397 रुपये और मुरादाबाद 154 से बढ़कर 155 रुपये कर दिया गया है।
परिवहन निगम बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि टोल एजेंसियों द्वारा दरें बढ़ाए जाने के कारण मुख्यालय के निर्देश पर बस किराये में एक से तीन रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जो रात 12 बजे से प्रभावी हो गई है।
बेड़े में शामिल होंगी 70 नई छोटी बसें
परिवहन निगम लोकल मार्गों पर सेवाएं बेहतर करने के लिए छोटे आकार की बसों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। बरेली रीजन को 70 नई 28-सीटर बसों की मंजूरी मिल चुकी है। इनमें से करीब 57 बसें दो चरणों में पहले ही आ चुकी हैं और कई रूटों पर संचालित की जा रही हैं, जबकि शेष बसें मई-जून तक उपलब्ध हो जाएंगी।
नई बसों को बरेली से मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं और हल्द्वानी जैसे रूटों पर चलाया जाएगा। निगम का लक्ष्य इन मार्गों पर 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराना है। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से बेड़े से हटाकर उनकी जगह नई छोटी बसें संचालित की जाएंगी।
