उत्तराखंड सड़क हादसे के बाद चंडीघाट चौकी पर बवाल, तोड़फोड़ और पथराव के मामले में 10 नामजद समेत 70 पर मुकदमा,,,,

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद चंडीघाट पुलिस चौकी पर हुई तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बवाल करने के आरोप में 10 नामजद समेत करीब 70 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बीते बुधवार रात कांगड़ी से हरिद्वार की ओर आ रही एक कार ने चंडीघाट चौक के पास दो स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी स्कूटी पर सवार सौरभ अग्रवाल निवासी कनखल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक आयुष राठौर निवासी मेरठ कैंट और उसके तीन साथियों को हिरासत में ले लिया था। चालक के नशे में होने की आशंका के चलते उसे मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था।
इसी बीच मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग चंडीघाट पुलिस चौकी पर जमा हो गए और आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब भीड़ में शामिल कुछ लोग चौकी के अंदर घुस गए और वहां रखे सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान चौकी पर पथराव भी किया गया, जिससे फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की भी सूचना सामने आई है।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कविता, संदीप, कृष्ण, सुबोध, राहुल, गोविंद, डुस्तो, राजू उर्फ गंजा, रामबाबू और सोनू उर्फ टुंडा को नामजद करते हुए अन्य करीब 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले में कुल 70 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और वायरल वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
