उत्तराखंड काशीपुर से खटीमा तक मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत, बुलडोजर से अभिनंदन और सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब,,,
काशीपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काशीपुर से खटीमा तक सड़क मार्ग से पहुंचने के दौरान विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। यात्रा मार्ग में कई जगह स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए और फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। खास बात यह रही कि कुछ स्थानों पर बुलडोजर के माध्यम से भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया, जिसने लोगों के उत्साह और समर्थन को खास अंदाज में प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, दिनेशपुर, किच्छा और सितारगंज सहित कई स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे एकत्रित रहे। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर लोगों का भारी जनसमूह उमड़ा और अपने लोकप्रिय नेता के स्वागत के लिए लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जगह-जगह आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने यह संकेत दिया कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार की विकास नीतियों और जनहितकारी निर्णयों के साथ मजबूती से खड़ी है और राज्य के विकास की इस यात्रा में सक्रिय रूप से भागीदारी कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता द्वारा दिए गए इस अपार स्नेह और समर्थन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए और अधिक ऊर्जा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

