उत्तराखंड धामी सरकार के 4 साल पूरे, प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा— उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर,,,,
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों और राज्य सरकार को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और समृद्ध परंपराओं की भूमि रही है। यहां की विविध भाषाएं-बोलियां, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को विशिष्ट पहचान देती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड ‘विकसित भारत’ के संकल्प के अनुरूप लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना के माध्यम से प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री के अनुसार इन पहलों से पर्यटन को नई दिशा मिली है और इससे पलायन रोकने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन तथा डिजिटल और हरित विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया। साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था और सतत विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदेश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘अमृत काल’ में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर, समृद्ध और सुदृढ़ उत्तराखंड के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद अहम है।
अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेशवासियों को भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

