उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में तूफान की चेतावनी, 27 मार्च तक बदला रहेगा मौसम,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई पर्वतीय जिलों में तेज हवाओं, बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 23 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ ही बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की वजह से हुआ है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इसका असर आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार 27 मार्च तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला-बदला रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में जहां कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं मैदानी इलाकों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखा जा रहा है। रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रहा। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में इससे भी अधिक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है,
