उत्तराखंड देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: चार वाहन टकराए, बस समेत कई वाहनों में लगी आग, दो की मौत,,

हरिद्वार। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रहे चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद बस समेत कई वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार (8 मार्च) रात मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक ट्रक, एसयूवी कार, डंपर और उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एसयूवी कार में लगा सीएनजी सिलेंडर फट गया और देखते ही देखते कई वाहनों में आग लग गई। आग की ऊंची लपटें फ्लाईओवर से दूर तक दिखाई दे रही थीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

आग लगने के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जाम के कारण रायवाला से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय पर मौके तक नहीं पहुंच सकीं, हालांकि हरिद्वार से दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।
हरिद्वार के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है, जबकि आग बुझाने का कार्य देर रात तक जारी रहा।

आग की चपेट में आने से उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए लगभग 15 एंबुलेंस मौके पर तैनात की गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कुछ लोग ट्रक के नीचे दब गए थे, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
