उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षा निदेशालय घटना के विरोध में मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने किया दो दिवसीय कार्यबहिष्कार, 23-24 फरवरी को प्रदेश मे होगा आंदोलन,,,
देहरादून। दिनांक 21 फरवरी 2026 को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय में घटित घटना के विरोध में एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन उत्तराखंड ने कड़ा रुख अपनाते हुए 23 एवं 24 फरवरी 2026 को दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है। संगठन द्वारा यह निर्णय प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की आपात बैठक में लिया गया।
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारा अपने समर्थकों के साथ प्राथमिक शिक्षा निदेशक श्री अजय नौटियाल एवं मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज एवं मारपीट की घटना अत्यंत निंदनीय है। इस घटना से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और सुरक्षा व सम्मान को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है।
प्रदेश कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार 23 व 24 फरवरी को सभी मिनिस्ट्रियल कर्मचारी उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कर काली पट्टी बांधकर कार्यबहिष्कार करेंगे। बोर्ड परीक्षा 2026 से संबंधित आवश्यक सेवाओं को इस आंदोलन से पृथक रखा गया है ताकि छात्रों के हित प्रभावित न हों।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शासन स्तर पर इस घटना पर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 25 फरवरी 2026 से प्रदेश के समस्त शिक्षा विभागीय कार्यालयों में अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार किया जाएगा।
गढ़वाल मंडल स्तर पर भी इस निर्णय को लागू करते हुए समस्त जनपदीय इकाइयों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि को दो दिवसीय कार्यबहिष्कार सुनिश्चित करें और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दें।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुशासन बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने की अपील की


