उत्तराखंड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने रुद्रपुर SSP मणिकांत मिश्रा की फिटनेस और कार्यशैली की करी तारीफ, दोनों मे समाज और अनुशासन पर हुई विस्तृत चर्चा,,,
रुद्रपुर (उत्तराखंड): अपने सशक्त अभिनय से देश–दुनिया में पहचान बनाने वाले बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर पहुंचे, जहां एक निजी कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा से हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं रही, बल्कि सिनेमा, समाज, अनुशासन और फिटनेस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक सकारात्मक और गंभीर संवाद में बदल गई।

मनोज बाजपेयी और एसएसपी मणिकांत मिश्रा के बीच कई घंटों तक चली बातचीत में दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए। चर्चा के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सिनेमा और प्रशासन मिलकर समाज को किस प्रकार सकारात्मक दिशा दे सकते हैं और युवाओं को बेहतर सोच व अनुशासन के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
बातचीत के दौरान अभिनेता मनोज बाजपेयी एसएसपी मणिकांत मिश्रा की फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली से विशेष रूप से प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिटनेस तो फिल्मों में भी बेहद जरूरी होती है। फिटनेस को लेकर हुई चर्चा में मनोज बाजपेयी ने अपने स्वास्थ्य से जुड़े कुछ अहम राज भी साझा किए।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मनोज बाजपेयी ने फिटनेस को लेकर कहा कि वे दोपहर के बाद भोजन नहीं करते और पसंदीदा लेकिन अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखते हैं। अभिनेता के अनुसार, ऐसे खाद्य पदार्थ शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और लंबे समय में स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं।
इस प्रेरणादायक मुलाकात के बाद मनोज बाजपेयी अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। यह मुलाकात प्रशासन और सिनेमा जगत के बीच एक सकारात्मक संवाद का उदाहरण बनी।
गौरतलब है कि रुद्रपुर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पहले से ही चर्चा में रहते हैं। वे उस समय विशेष रूप से सुर्खियों में आए थे जब 70 वाहनों में करीब 300 पुलिसकर्मियों को लेकर उत्तर प्रदेश के बरेली पहुंचकर ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई थी। उनके नेतृत्व में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पूरे गांव को घेरकर अभियान चलाया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
यह मुलाकात इस बात का प्रमाण बनी कि जब सिनेमा और प्रशासन जैसे दो अलग-अलग क्षेत्र एक मंच पर आते हैं, तो समाज के लिए सकारात्मक संदेश और प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त होता है।

