उत्तराखंड में एक दिसंबर से शुरू होगी जनगणना, अधिसूचना जारी, प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा में होगी जनगणना,,,,

देहरादून। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब और गोवा के गैर-बर्फीले इलाकों में जनगणना 1 दिसंबर से शुरू होकर 4 जनवरी 2027 तक चलेगी। भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
🟢 स्वयं जानकारी दर्ज करने और जांच का चरण
अधिसूचना के मुताबिक, इन चार राज्यों के नागरिक 16 से 30 नवंबर के बीच स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने की सुविधा का उपयोग कर सकेंगे। इसके पश्चात, 5 से 9 जनवरी 2027 के बीच आंकड़ों की दोबारा जांच का चरण चलाया जाएगा। गोवा, यूपी, पंजाब और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों के लिए जनगणना की संदर्भ तारीख 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे तय की गई है, इसी समयावधि की स्थिति को जनगणना के आंकड़ों का मुख्य आधार माना जाएगा। वहीं दूसरी ओर, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले इलाकों के लिए संदर्भ तारीख 1 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।
🟢 विधानसभा चुनावों से पहले प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, देश के बाकी हिस्सों में जनगणना की संदर्भ तारीख 1 मार्च 2027 होगी, जिसमें लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्र शामिल नहीं हैं। चूंकि गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विधानसभाओं का कार्यकाल मई 2027 तक समाप्त होना है, इसलिए इन राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले जनगणना की प्रक्रिया को समय से पहले पूरा कराया जा रहा है।
